जाटव समाज भोपाल संभागीय टीम का सफलतम एक वर्ष पूर्ण संगठन को दी नई मजबूती


भोपाल। जाटव समाज भोपाल संभागीय टीम ने अपने गठन के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर वर्षभर की सामाजिक, संगठनात्मक एवं जनहित गतिविधियों का विवरण सार्वजनिक किया। टीम के अनुसार 13 जुलाई 2025 से 13 जुलाई 2026 तक विभिन्न जिलों और ब्लॉक स्तर पर कुल 25 प्रमुख सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनका उद्देश्य समाज को संगठित करना, सामाजिक जागरूकता बढ़ाना तथा समाजहित के कार्यों को गति देना रहा।

इस एक वर्ष के दौरान संभागीय एवं जिला स्तरीय बैठकों, सामाजिक विचार संगोष्ठियों, संगठन विस्तार, प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रमों में सहभागिता, जरूरतमंद परिवारों की सहायता, खेल प्रतियोगिताओं में सहयोग, विवाह सम्मेलनों में सहभागिता, करियर काउंसलिंग तथा सामाजिक अधिकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

संभागीय टीम का कहना है कि इन गतिविधियों में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों का लगातार सहयोग मिला, जिसके कारण सभी कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। टीम ने भविष्य में भी शिक्षा, सामाजिक एकता, संगठन विस्तार और समाजहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही है।

संभागीय अध्यक्ष शेर सिंह जाटव ने समाज के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने समाज से आगे भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपील की।

भगवान गौतम बुद्ध, महात्मा ज्योतिराव फुले, सावित्रीबाई फुले और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को समाज की प्रेरणा बताते हुए शिक्षा, संगठन और संघर्ष के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश भी दिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post